गौशाला मेले को फिर मिलेगी पुरानी शान,400एकड़ गोचर भूमि पर बनेगा भव्य स्टेडियम,अंतरराष्ट्रीय दंगल में पहले दिन छाया रोमांच

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत महादेवगंज का ऐतिहासिक गौशाला मेला एक बार फिर अपनी पुरानी पहचान और रौनक हासिल करने की तैयारी में है।गोपाष्टमी के अवसर पर मंगलवार को डाकिनाथ महादेव गौशाला परिसर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय दंगल के मंच से झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने बड़ा ऐलान किया।उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में यहां भव्य स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा और गौशाला मेले का पुराना गौरव लौटाया जाएगा।आगे कार्यक्रम का सबसे खास और चर्चित पल तब आया,जब पंकज मिश्रा ने भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव की खुले मंच से जमकर तारीफ की।उन्होंने कहा की बजरंगी भाई ने गौशाला की पहचान को जिंदा रखा है।गौशाला मेले की परंपरा और प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।उनके इस बयान ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।पंकज मिश्रा ने कहा कि कभी गौशाला मेला साहिबगंज की विशिष्ट पहचान हुआ करता था।इसे फिर उसी गौरवशाली मुकाम पर पहुंचाया जाएगा।गौशाला के पास लगभग 400एकड़ गोचर भूमि है,जहां अगले दो वर्षों में भव्य स्टेडियम बनाने का लक्ष्य है।गौशाला मेले के75वें वर्ष तक स्टेडियम तैयार करने की योजना है।उन्होंने पशुओं के लिए बेहतर आवास,चारा,देखभाल और पशु चिकित्सक की व्यवस्था करने का भी भरोसा दिया।उन्होंने अगले वर्ष से मेले को और भव्य बनाने,मेला अवधि में तीन दिनों तक ट्रेनों का ठहराव कराने के लिए रेल प्रशासन से बातचीत करने तथा सदर प्रखंड में आधुनिक अस्पताल निर्माण की पहल करने की बात कही।उन्होंने जल्द जनता दरबार लगाकर समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान करने का भी आश्वासन दिया।अंतरराष्ट्रीय दंगल में बिहार,झारखंड,उत्तर प्रदेश,पंजाब, पश्चिम बंगाल,हरियाणा,दिल्ली और नेपाल के पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेंच दिखाए। रोमांचक मुकाबलों में पहलवानों की जोर-आजमाइश देखकर दर्शक तालियां बजाते रहे।पूरे परिसर में कुश्ती का जुनून सिर चढ़कर बोलता रहा।प्रतियोगिता का उद्घाटन झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा,उपायुक्त दीपक कुमार दुबे,एसपी अमित कुमार सिंह, बजरंगी प्रसाद यादव और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश तिवारी ने भगवान श्रीकृष्ण,बजरंगबली एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया।डीसी ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी,जबकि एसपी ने युवाओं से मोबाइल से दूरी बनाकर खेलकूद से जुड़ने की अपील की। बजरंगी प्रसाद यादव ने भी क्षेत्र में स्टेडियम निर्माण की मांग उठाई।दंगल के रोमांच के साथ गौशाला मेले में आस्था और मनोरंजन का भी शानदार संगम देखने को मिला।श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा की पूजा-अर्चना की और गौ माता को चारा खिलाकर सुख-समृद्धि की कामना की। खाने-पीने,फर्नीचर और घरेलू सामान की दुकानों पर खूब खरीदारी हुई।बच्चों ने झूले और तारामाची का आनंद उठाया।शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा मेला परिसर जगमगा उठा।वही पहले दिन के मुकाबलों में विजेता पहलवानों को मेडल,ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।बुधवार को दंगल का अंतिम दिन है,जिसमें भी रोमांचक मुकाबलों का आयोजन निर्धारित है।वही मौके पर एसडीपीओ सुशील कुमार,झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण सिंह,समाजसेवी चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा,राजेश अग्रवाल,बबलू मिश्रा,अमित सिंह,बास्की यादव,मो.कलीमुद्दीन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, आयोजन समिति के सदस्य और हजारों खेलप्रेमी मौजूद रहे।



