बोकारो

23 साल बाद भी मां की आंखों में जिंदा है शहीद पप्पू प्रसाद का बलिदान

वीर सपूत की शहादत को गांव ने किया नमन, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि; आईटीबीपी ने मां गीता देवी को शॉल देकर किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूत शहीद पप्पू प्रसाद को 23 वर्ष बाद भी उनका गांव और परिवार नहीं भूला है। उनकी शहादत की याद आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है। इसी भावुक स्मृति और देशभक्ति के माहौल में इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के शहीद जवान पप्पू प्रसाद का 23वां शहादत दिवस नावाडीह प्रखंड के गुंजरडीह पंचायत अंतर्गत चटनियाटांड़ स्थित समाधिस्थल पर समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, आईटीबीपी के जवानों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों ने वीर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत आगंतुक अतिथियों द्वारा शहीद जवान पप्पू प्रसाद की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद 10+2 उच्च विद्यालय गुंजरडीह के छात्र-छात्राओं ने बारी-बारी से पुष्प अर्पित कर वीर सपूत को नमन किया। पूरा वातावरण देशभक्ति और श्रद्धा के भाव से ओतप्रोत रहा।

इस दौरान आईटीबीपी रांची स्थित 40वीं बटालियन की ओर से पहुंचे सब-इंस्पेक्टर गजानन खंडारे, जीडी कमलेश कुमार यादव एवं जानी महेश ने शहीद जवान की माता गीता देवी को शॉल प्रदान कर सम्मानित किया। मां के सम्मान का यह दृश्य समारोह में मौजूद लोगों के लिए भावुक क्षण रहा।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नावाडीह की प्रखंड प्रमुख पूनम देवी, जिला परिषद सदस्य महेंद्र प्रसाद, विधायक प्रतिनिधि टिंकू कुमार शर्मा, समाजसेवी दुर्गा प्रसाद महतो, जयलाल महतो, लोकेश्वर प्रसाद महतो, मंटू नायक, जुगनू महतो तथा आईटीबीपी की 40वीं बटालियन के सब-इंस्पेक्टर गजानन खंडारे ने शहीद पप्पू प्रसाद के अदम्य साहस, देशभक्ति और बलिदान को याद किया।

वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीद पप्पू प्रसाद ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश और समाज का मान बढ़ाया है। उनका त्याग, समर्पण और देशप्रेम आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। ऐसे वीर सपूतों की शहादत राष्ट्र के इतिहास में हमेशा अमर रहेगी।

समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर शहीद जवान के बड़े भाई भोला प्रसाद, सेवानिवृत्त शिक्षक दुर्गा प्रसाद सहित परिवार के अधिकांश सदस्य मौजूद थे। 23 वर्ष बीत जाने के बाद भी शहीद के प्रति लोगों का सम्मान और परिवार के प्रति अपनापन समारोह में साफ झलक रहा था।

श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता एवं मंच संचालन शिक्षक जितेंद्र प्रसाद ने किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button