बोकारो

ऊर्जा मित्रों को स्थायी करने की मांग तेज, मंत्री योगेंद्र महतो से मिला संघ का प्रतिनिधिमंडल

टेबल रीडिंग के नाम पर गलत बिजली बिल जारी करने और ऊर्जा मित्रों की बिलिंग आईडी से छेड़छाड़ का लगाया आरोप, जांच का मिला आश्वासन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात कर ऊर्जा मित्रों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा मित्रों को स्थायी करने, मानदेय में वृद्धि करने तथा उनके भविष्य को सुरक्षित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। इस दौरान तेनुघाट विद्युत प्रमंडल के अध्यक्ष संजय कुमार भारती, सचिव प्रमोद कुमार दास एवं कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने मंत्री को बताया कि ऊर्जा मित्र दिन-रात जनता की सेवा में जुटे रहते हैं। बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए सबसे पहले ऊर्जा मित्र ही उपभोक्ताओं के बीच पहुंचते हैं, इसके बावजूद उन्हें अब तक स्थायी रोजगार का लाभ नहीं मिल पाया है। प्रतिनिधिमंडल ने फ्यूजन सीएक्स प्राइवेट लिमिटेड पर शहर से लेकर गांव तक टेबल रीडिंग के माध्यम से गलत बिजली बिल जारी कराने का आरोप लगाया। साथ ही ऊर्जा मित्रों की बिलिंग आईडी से कथित छेड़छाड़, बकाया मानदेय का भुगतान नहीं होने तथा बिलिंग कमीशन में अनियमितता का मुद्दा भी उठाया।

संघ की प्रमुख मांगें

संघ ने सरकार के समक्ष ऊर्जा मित्रों को जल्द स्थायी करने, मानदेय बढ़ाने, उनके भविष्य को सुरक्षित करने, टेबल रीडिंग की व्यवस्था बंद कराने, सभी ऊर्जा मित्रों के बकाया भुगतान सुनिश्चित करने तथा उन्हें मानव दिवस कर्मी के रूप में समायोजित करने की मांग रखी। इसके अलावा शुरुआत से अब तक टेबल रीडिंग के कारण ऊर्जा मित्रों को कथित तौर पर नहीं मिले बिलिंग कमीशन का भुगतान भी संबंधित ऊर्जा मित्रों को कराने की मांग की गई।

मंत्री ने जांच और समायोजन का दिया भरोसा

मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि यदि फ्यूजन सीएक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इस तरह की अनियमितताएं की जा रही हैं, तो इससे झारखंड सरकार की छवि धूमिल होती है। उन्होंने मामले की जांच कराने के लिए जेवीवीएनएल मुख्यालय को निर्देश देने की बात कही। मंत्री ने आगे कहा कि ऊर्जा मित्रों को मानव दिवस कर्मी के रूप में किस प्रकार समायोजित किया जा सकता है, इस विषय को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि ऊर्जा मित्रों को बेरोजगार नहीं होने दिया जाएगा और उनकी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार जल्द ही ऊर्जा मित्रों के हित में सकारात्मक निर्णय लेगी। प्रतिनिधिमंडल में कुमार विवेकानंद, संजय महतो, हीरालाल किस्कू सहित तेनुघाट विद्युत प्रमंडल के विभिन्न क्षेत्रों के ऊर्जा मित्र शामिल थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button