झारखण्ड कैबिनेट के 35 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर, पाकुड़ की सड़क के लिए 44.52 करोड़ स्वीकृत
NHM का कार्यकाल मार्च 2027 तक बढ़ा, सरकारी कर्मियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि और कई विकास योजनाओं को मिली मंजूरी

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। सीएम हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार, 18 नवंबर 2026 को आयोजित झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के विकास, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, कर्मचारी कल्याण और प्रशासनिक सुधार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट की बैठक में पाकुड़ जिले के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बहिरग्राम (पीडब्ल्यूडी रोड)-झिकरहट्टी-कंकरबोना-शंकरघाट-इस्लामपुर पथ (8.300 किलोमीटर) के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 44 करोड़ 52 लाख 94 हजार 500 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इसके तहत सड़क को ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा। कार्य में वृक्षारोपण, भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग और पुनर्वास संबंधी प्रावधान भी शामिल है। इसके अलावा पलामू के विश्रामपुर में डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए 37.36 करोड़ रुपये, साहिबगंज में संप्रेक्षण गृह निर्माण के लिए 9.75 करोड़ रुपये तथा जामताड़ा के करमाटांड़ बाजार बाईपास पथ निर्माण के लिए 85.73 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। सरायकेला-खरसावां और रांची जिले की सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली। राज्य सरकार के कर्मचारियों को सातवें, छठे और पांचवें वेतनमान के तहत 1 जुलाई 2026 के प्रभाव से महंगाई भत्ते में वृद्धि की स्वीकृति दी गई। वहीं पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनधारियों की महंगाई राहत में भी बढ़ोतरी को मंजूरी मिली। इसके अतिरिक्त विभिन्न न्यायालयी आदेशों के अनुपालन में कर्मचारियों की सेवा नियमितीकरण, सेवा संपुष्टि एवं वित्तीय लाभ से संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) का कार्यकाल 31 मार्च 2027 तक बढ़ाने की मंजूरी दी गई। वज्रपात से प्रभावित परिवारों को अनुग्रह अनुदान देने के लिए झारखंड आकस्मिकता निधि से 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। सिंचाई क्षेत्र में उसरी वीयर योजना के जीर्णोद्धार एवं मुख्य नहर की लाइनिंग के लिए 30.20 करोड़ रुपये तथा कोकरो वीयर सिंचाई योजना के तहत बलुआडीह शाखा नहर की लाइनिंग एवं संरचनाओं के पुनरुद्धार के लिए लगभग 51.96 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इसके अलावा वर्ष 2027 के सरकारी अवकाश कैलेंडर, निबंधन (झारखंड संशोधन) विधेयक-2026, झारखंड वरीय न्यायिक सेवा संशोधन नियमावली-2026, वन प्रबंधन समितियों के गठन संबंधी संशोधन तथा विधिक माप विज्ञान नियमावली में बदलाव को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने सचिवालय एवं संलग्न कार्यालयों में कंप्यूटर ऑपरेटर और डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर नई नियुक्तियों पर रोक लगाने, झारखंड स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति के वेतन-भत्ते निर्धारित करने तथा ई-कोर्ट परियोजना के संविदाकर्मियों के मासिक पारिश्रमिक में वृद्धि सहित कई अन्य प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया। कुल मिलाकर कैबिनेट की बैठक में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, कर्मचारी कल्याण और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े फैसलों के माध्यम से राज्य के विकास एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।


