गाजियाबाद

सभासद ने नगर पालिका अध्यक्ष पर लगाए अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

लोनी (गाजियाबाद)। लोनी नगर पालिका परिषद में जनप्रतिनिधियों के बीच चल रही खींचतान एक बार फिर विवादों में आ गई है। वार्ड संख्या-32 के सभासद ने नगर पालिका अध्यक्ष पर गाली-गलौज करने, अभद्र व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर सभासद ने स्थानीय थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, सभासद का आरोप है कि क्षेत्र के विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष से बातचीत के दौरान उनका विवाद हो गया। आरोप है कि बातचीत के दौरान अध्यक्ष ने उनके साथ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की। सभासद का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

समर्थकों के साथ थाने पहुंचे सभासद

घटना के बाद वार्ड-32 के सभासद अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सभासद का कहना है कि जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाना जनप्रतिनिधि का दायित्व है। ऐसे में यदि जनप्रतिनिधियों के बीच ही इस तरह का व्यवहार होगा तो आम जनता की समस्याओं को उठाने की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होंगे।

सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभासद की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। इस मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और संबंधित लोगों के बयान के आधार पर तथ्यों का पता लगाया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार  कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका की राजनीति में बढ़ी हलचल

इस घटनाक्रम के बाद लोनी नगर पालिका की अंदरूनी राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पहले से ही विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर चर्चा में रहने वाली नगर पालिका में अब जनप्रतिनिधियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का नया मामला सामने आ गया है। फिलहाल सभासद की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कुछ लोग इसे आने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा रहे हैं ताकि विवादों के चलते विधानसभा चुनाव में इस तरह की घटनाओं को मुद्दे बनाकर आम नागरिकों को भ्रमित किया जा सके । वास्तव में मौके पर क्या घटना घटित हुई यह तो पुलिस जांच के बाद ही पता चलेगा। लेकिन यह मामला आज क्षेत्र में व्हाट्सएप ग्रुप में चर्चाओं में बना रहा

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button