सक्सेस कोचिंग सेंटर का प्रथम वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न
विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन, मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो।
बोकारो। सक्सेस कोचिंग सेंटर का प्रथम वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नावाडीह प्रखंड प्रमुख श्रीमती पूनम देवी तथा चपरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि श्यामलाल महतो उपस्थित रहे। अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन उत्सवी माहौल में संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान कोचिंग सेंटर के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए नाश्ते की भी व्यवस्था की गई।
वहीं, टेस्ट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर पढ़ाई के प्रति समर्पित रहने तथा जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कोचिंग सेंटर के संचालक पवन कुमार महतो ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा देना नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, प्रतिभा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है, ताकि वे भविष्य में बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
उन्होंने संस्थान की एक वर्ष की यात्रा में सहयोग देने वाले सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह ने संस्थान के एक वर्ष के सफर की उपलब्धियों और भविष्य की नई उम्मीदों को यादगार बना दिया।




