बेतुल
बैतूल 21 और 22 नवंबर को भैंसदेही विधानसभा के दौरे पर रहेंगे कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा
मंडलम, पंचायत और वार्ड कमेटियों के साथ बीएलए-2 की लेंगे संयुक्त बैठकें, कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निलय विनोद डागा 21 और 22 नवंबर को भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न मंडलमों में पंचायत, वार्ड, बीएलए-2 और मंडलम कमेटियों की संयुक्त बैठकें लेकर संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। दौरे का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय और मजबूत बनाने के साथ ही कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना है। जिला संगठन महासचिव बृजभूषण पांडे ने 18 नवंबर को दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया है।
दौरे के पहले दिन शनिवार, 21 नवंबर को निलय डागा दोपहर 1 बजे चिखली पहुंचेंगे। यहां चिखली मंडलम के अंतर्गत आने वाली समस्त पंचायत कमेटियों, बीएलए-2 और मंडलम कमेटी की संयुक्त बैठक लेंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे नांदा में नांदा मंडलम की संयुक्त बैठक होगी। वहीं शाम 4 बजे भीमपुर में भीमपुर मंडलम के अंतर्गत आने वाली पंचायत कमेटियों, बीएलए-2 और मंडलम कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन रविवार, 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे खामला (कुकरू) में खामला मंडलम की संयुक्त बैठक आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे बड़गांव में बड़गांव मंडलम की बैठक होगी। दो दिवसीय दौरे का अंतिम कार्यक्रम शाम 5 बजे भैंसदेही में आयोजित किया जाएगा। यहां भैंसदेही मंडलम 1 एवं 2 के समस्त वार्ड कमेटियों, बीएलए-2 और मंडलम कमेटियों की संयुक्त बैठक लेकर संगठन की स्थिति पर चर्चा की जाएगी।
पांडे ने बताया कि संगठन में कसावट लाने, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से यह दौरा निर्धारित किया गया है। उन्होंने संबंधित मंडलमों के पदाधिकारियों, पंचायत एवं वार्ड कमेटियों के सदस्यों तथा बीएलए-2 से निर्धारित समय और स्थान पर उपस्थित रहने की अपील की है।



