आवास योजनाओं के लाभुकों को मिले स्वीकृति पत्र, ग्राम प्रधान एवं परगनैत सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया प्रखण्ड मुख्यालय स्थित प्रखंड-सह-अंचल परिसर में रविवार को प्रमुख कालिदास मरांडी एवं बीडीओ सोमनाथ बनर्जी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका शुभारंभ अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास, प्रधानमंत्री आवास एवं पीएम जनमन आवास योजना के लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं मेट को मेट किट, बागवानी सखियों को प्रमाण पत्र तथा ग्राम प्रधानों एवं परगनैत को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मौके पर बीडीओ ने ग्राम प्रधानों को ग्रामीण व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम में 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हुए पंचायत सचिव अकबर हुसैन को भी भावभीनी विदाई दी गई। अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने उन्हें माला पहनाकर तथा उपहार भेंट कर सम्मानित किया। मौके पर उपप्रमुख अर्चना देवी, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत सचिव एवं कर्मी उपस्थित थे।



