मथुरा
टैंक चौराहे पर पुलिस बस और ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर, टेंपो भी भिड़ा
दो किमी थमी वाहनों की रफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। सदर बाजार थाना क्षेत्र के टैंक चौराहे पर बुधवार को पुलिसकर्मियों को ले जा रही बस और एक ट्रैक्टर आपस में टकरा गए। ट्रैक्टर के पीछे आ रहा टेंपो भी इस भिड़ंत की चपेट में आ गया। एक साथ तीन वाहनों के टकराने से चौराहे पर कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। राहत की बात रही कि बड़ा हादसा होने से बच गया। मौके पर मौजूद चश्मदीद अफसर अली के मुताबिक, पुलिसकर्मियों से भरी बस सदर बाजार की ओर से कचहरी की तरफ जा रही थी। उसी समय कचहरी की दिशा से एक ट्रैक्टर आ रहा था। टैंक चौराहे के नजदीक दोनों वाहन सीधे एक-दूसरे से टकरा गए। इसी बीच ट्रैक्टर के पीछे चल रहा टेंपो भी उसमें जा भिड़ा। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। टक्कर के बाद बस में बैठे पुलिसकर्मी उतरकर घटनास्थल पर पहुंचे। सड़क पर वाहन फंस जाने से आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। दोनों ओर गाड़ियों की कतारें लगती चली गईं और लगभग दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और चालकों को भारी दिक्कत उठानी पड़ी। सूचना पर सदर बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद यातायात बहाल कराया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। सौभाग्य से इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, और किसी के घायल होने की भी जानकारी नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की वजह तलाशने में लगी है।



