बेतुल
बैतूल घोघरी जलाशय पट्टा आवंटन में फर्जी प्रस्ताव का आरोप
जयस ने दोषी अधिकारियों पर एफआईआर की मांग की

तत्कालीन सहायक संचालक और मत्स्य निरीक्षक पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। घोघरी जलाशय के पट्टा आवंटन में कथित कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी अनुमोदन प्राप्त करने के मामले में जयस ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्कालीन सहायक संचालक मत्स्योद्योग कमलेश खरे एवं तत्कालीन मत्स्य निरीक्षक व तकनीकी शाखा प्रभारी चेतन भावसार के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
जयस जिलाध्यक्ष सोनू धुर्वे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति की 15 मई 2025 को आयोजित बैठक में घोघरी जलाशय के पट्टा आवंटन को लेकर कोई प्रस्ताव पारित नहीं हुआ था। बैठक में पूर्णा जलाशय के लिए जय अम्बा आदिवासी मछुआ समूह अंधेरबावड़ी सहित 76 सदस्यों के समूह का अनुमोदन किया गया था। इसके बावजूद तत्कालीन अधिकारियों द्वारा घोघरी जलाशय के संबंध में कृषि स्थायी समिति का कथित फर्जी अनुमोदन प्रस्ताव तैयार कर जिला पंचायत सीईओ, कलेक्टर और नर्मदापुरम संभाग आयुक्त को भेजा गया। इसी के आधार पर 25 मार्च 2026 को पट्टा आवंटन की अनुमति प्राप्त किए जाने का आरोप है।
ज्ञापन में बताया गया कि मामले की जानकारी सामने आने के बाद जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति ने 24 सितंबर 2026 की बैठक में घोघरी जलाशय की पट्टा आवंटन संबंधी समस्त कार्यवाही स्थगित करने का निर्णय लिया था। इसके बाद 6 अक्टूबर 2026 को जिला पंचायत की सामान्य सभा में भी घोघरी जलाशय का पट्टा आवंटन नियमानुसार पुनः करने, बारछी समिति के कार्यक्षेत्र से घोघरी जलाशय को पृथक करने तथा कथित फर्जी प्रस्ताव निरस्त कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया था।
जयस ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत की बैठकों में निर्णय होने और शिकायत दर्ज होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराते हुए कमलेश खरे और चेतन भावसार के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने तथा दोषियों पर कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।



