कैराना

अवैध कॉलोनी को बुलडोजर से की ध्वस्त, व्यवसायिक भवन सील

मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की टीम ने दो स्थानों पर की कार्रवाई, कॉलोनाइजरों में मचा हड़कंप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की टीम ने अवैध प्लॉटिंग और बिना मानचित्र स्वीकृत निर्माण पर कार्रवाई की है। इस दौरान दस बीघा अवैध कॉलोनी में प्लॉटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कराया गया, जबकि दूसरे स्थान पर बिना मानचित्र के निर्माण पर भवन को सील कर दिया गया। इसके चलते कॉलोनाइजरों में हड़कंप मचा हुआ है।
गुरुवार को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की टीम ने मोहल्ला इस्लामनगर स्थित मायापुर रोड पर खसरा संख्या 542, 582 और 584 की भूमि पर कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, यहां जमशेद वकील, जरीना, अमजद, अरशद और बिलाल द्वारा करीब 10 बीघा भूमि पर प्राधिकरण से तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए बिना प्लॉटिंग की जा रही थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। वहीं, तितरवाड़ा रोड पर दीपक सैनी द्वारा 570 वर्गमीटर क्षेत्रफल में किए गए व्यवसायिक निर्माण को सील किया गया। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भू-स्वामियों और भवन स्वामी को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद चालानी कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण और सीलिंग के आदेश भी पारित किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अवैध प्लॉटिंग और निर्माण नहीं हटाए गए। कार्रवाई के चलते कॉलोनाइजरों में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी हर्ष चावला, सहायक अभियंता संजय वशिष्ठ, अवर अभियंता गौरव कुमार और क्षेत्र सहायक राकेश सहित पुलिस मौजूद रहा।
कई अवैध कॉलोनियां, सीलिंग पर भी उठे सवाल
कैराना में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई के बीच मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की सीलिंग व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। पूर्व में भी शहर में कई भवनों को अवैध निर्माण के चलते सील किया जा चुका है, लेकिन सवाल यह है कि सील होने के चंद दिनों बाद ही कुछ भवनों की सील कैसे हट जाती है? क्या सील खोलने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाता है और क्या सील हटने के बाद निर्माण की स्थिति की जांच भी होती है? दूसरी ओर, कैराना में अवैध कॉलोनियों का दायरा भी लगातार बढ़ रहा है। शामली बाईपास के निकट, पानीपत रोड और बाईपास रोड सहित नगर के कई हिस्सों में अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित की गई हैं। ऐसे में सवाल है कि प्राधिकरण इन कॉलोनियों के खिलाफ कब और कितनी व्यापक कार्रवाई करेगा?
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button