हापुड़

यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा हापुड़ पहुंचे

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनपद हापुड़ में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यों की समीक्षा की

पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए अभियान में तेजी लाने के निर्देश

हेल्पडेस्क की संख्या बढ़ाने तथा 1950 मतदाता हेल्पलाइन का गांव-गांव तक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश

महिलाओं एवं युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण बढ़ाने और जेंडर रेशियो में सुधार पर जोर

04 जनवरी को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची, 16 दिसंबर तक प्राप्त आवेदनों का होगा निस्तारण

टोल फ्री 1950 के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड । उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के अंतर्गत जनपद हापुड़ में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जनपद के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) के साथ बैठक कर मतदाता पंजीकरण एवं पुनरीक्षण संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की तथा शेष अवधि में कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर प्रदेश के जनपदों को अवरोही क्रम में रखने पर हापुड़ जनपद 39वें स्थान पर पाया गया। समीक्षा में यह भी सामने आया कि पड़ोसी जनपद गाजियाबाद में फॉर्म-6 प्राप्त करने की प्रगति प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। प्रति मतदेय स्थल प्राप्त फॉर्म-6 के आधार पर हापुड़ में औसतन 6.4 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति को और बढ़ने और हेल्प डेक्स बढ़ाने के भी संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को टोल फ्री 1950 प्रति जागरूक करने के लिए निर्देशित किया गया। कि ज्यादा से ज्यादा जागरूकता अभियान चलाया जाये,जिस प्रकार से गाजियाबाद उत्तर प्रदेश में नंबर वन की स्थिति पर है उसी प्रकार से हापुड़ भी नंबर वन की स्थिति पर हो, इस प्रकार के दिशा निर्देश दिए गए हैं वही अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया है कि हापुड़ को नंबर वन पर लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर तक जो फार्म आयेंगे। उनका 4 जनवरी को प्रकाशन किया जाएगा। हेल्पडेस्क पर फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए, जिससे नए मतदाताओं का नाम शामिल करने, अपात्र अथवा नियमानुसार हटाए जाने योग्य प्रविष्टियों के संबंध में आपत्ति दर्ज कराने तथा मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन कराने के लिए नागरिकों को उचित मार्गदर्शन मिल सके। इसके अतिरिक्त नागरिकों को आवेदन फॉर्म भरने तथा ECINET ऐप के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी। हेल्पडेस्क के माध्यम से मतदाताओं की निर्वाचन संबंधी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 16 दिसंबर, 2026 तक प्राप्त होने वाले आवेदनों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रोसेस किया जाएगा तथा 04 जनवरी, 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब अभियान के लिए सीमित समय शेष है। 25 नवंबर से 16 दिसंबर तक उपलब्ध लगभग 21 दिनों का प्रभावी उपयोग करते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने आश्वस्त किया कि जनपद की पूरी टीम शेष अवधि में पूर्ण मुस्तैदी के साथ निर्वाचन संबंधी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करेगी। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) में से कई कर्मचारी जनगणना संबंधी कार्यों में एन्यूमरेटर के रूप में भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके बावजूद मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं पात्र नागरिकों का पंजीकरण महत्वपूर्ण जनसेवा का कार्य है। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी समन्वय स्थापित करते हुए अतिरिक्त प्रयास करें, ताकि मतदाता सूची अधिक समावेशी एवं त्रुटिरहित बन सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची में डुप्लीकेट प्रविष्टियों, स्थानांतरण संबंधी विसंगतियों एवं अन्य त्रुटियों की पहचान कर नियमानुसार उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए तथा अपात्र एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।

बैठक में महिला मतदाताओं के जेंडर रेशियो में सुधार की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जनपद में महिला मतदाताओं की संख्या में आई कमी के परिप्रेक्ष्य में 10 अप्रैल, 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची तथा 17 नवंबर, 2026 के आंकड़ों की तुलनात्मक समीक्षा की गई। इसमें जनपद के जेंडर रेशियो में लगभग 8 अंकों का सुधार पाया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस दिशा में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उनकी टीम द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने आश्वस्त किया कि जेंडर रेशियो में सुधार के लिए आगे भी विशेष प्रयास किए जाएंगे तथा कम से कम 40 से 50 अंकों का अतिरिक्त सुधार लाने का लक्ष्य रखते हुए कार्य किया जाएगा। उन्होंने महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ अभियान संचालित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उन्होंने जनपद में महिला मतदाताओं की संख्या बढने पर जिलाधिकारी हापुड़ कविता मीणा की सराहना भी की ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button