झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े का भव्य समापन, 13 सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र, मेधावी विद्यार्थी सम्मानित
Grand conclusion to the Jharkhand Foundation Day fortnight; 13 assistant teachers receive appointment letters, meritorious students honored.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। झारखण्ड स्थापना दिवस समारोह ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव 2026’ के तहत आयोजित पखवाड़े का समापन इंडोर स्टेडियम, दुमका में जिला स्तरीय समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में जामा विधायक लुईस मरांडी एवं उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की उपस्थिति में 13 नवचयनित सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक लुईस मरांडी ने नवनियुक्त शिक्षकों से सेवा भावना एवं निष्ठा के साथ ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों को गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड एवं मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना का लाभ उठाकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर देना है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल, कला, लेखन एवं अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में कक्षा 6 से 8 तक के लिए चयनित 13 सहायक आचार्यों में भाषा विषय के 6 तथा गणित एवं विज्ञान विषय के 7 शिक्षक शामिल हैं। वहीं 15 से 27 नवंबर तक आयोजित निबंध, क्विज, पेंटिंग, गायन, नृत्य एवं अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।



