विकास योजनाओं को समय-सीमा में पूरा करें, फसल क्षति का आकलन कर किसानों को दिलाएं मुआवजा- उपायुक्त

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका।समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।बैठक में बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों की फसल क्षति का शीघ्र आकलन कर मुआवजा दिलाने, दुर्गम एवं पहाड़ी क्षेत्रों में मनरेगा के तहत सड़क निर्माण की संभावनाएं तलाशने तथा सरकारी विद्यालयों में किचन शेड एवं शौचालय निर्माण कराने पर जोर दिया गया। प्रभावित किसानों से आवेदन प्राप्त करने के लिए पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से स्ट्रॉबेरी एवं नारियल की खेती को बढ़ावा देने तथा जेएसएलपीएस एवं कृषि विभाग के समन्वय से चयनित किसानों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराने को कहा। वहीं बढ़ती ठंड को देखते हुए जरूरतमंदों के बीच शीघ्र कंबल वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में खराब जलमीनारों की अविलंब मरम्मत कराने तथा सरकारी विद्यालयों में पेयजल की समस्या दूर करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया। इसके अलावा एसआईआर के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता बरतने एवं किसी भी पात्र मतदाता को सूची से वंचित नहीं रखने का निर्देश दिया। बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने तथा जनहित के मामलों में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा। बैठक में उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



