परिसीमन बिल लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना के खिलाफ- रियाजुद्दीन खान
गैर-भाजपा दलों से एकजुट होकर विरोध करने की अपील, विशेष संसद सत्र में बिल के खिलाफ मतदान का किया आग्रह

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
कांग्रेस पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के सदस्य रियाजुद्दीन खान ने केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा प्रस्तावित परिसीमन बिल पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बिल के जरिए पक्षपातपूर्ण परिसीमन कर सत्ता में बने रहने की राजनीतिक कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे संविधान की मूल भावना एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय बताया। रियाजुद्दीन खान ने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन से लोकसभा एवं विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव के कारण दलितों, आदिवासियों एवं अल्पसंख्यकों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन से इन वर्गों का प्रभाव कुछ क्षेत्रों में कम हो सकता है, जिससे उनकी राजनीतिक भागीदारी पर असर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सीटों की संख्या बढ़ने के बावजूद इन समुदायों का प्रतिनिधित्व कम होने की आशंका है। उनके अनुसार, भाजपा इस प्रक्रिया के माध्यम से चुनावी क्षेत्रों का ऐसा समीकरण तैयार करना चाहती है, जिससे उसे राजनीतिक लाभ मिल सके। कांग्रेस नेता ने सभी गैर-भाजपा राजनीतिक दलों से एकजुट होकर प्रस्तावित परिसीमन बिल का विरोध करने की अपील की। साथ ही उन्होंने गैर-भाजपा सांसदों से 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित संसद के विशेष सत्र में एकजुटता दिखाते हुए बिल के विरोध में मतदान करने तथा संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आवाज उठाने का आग्रह किया।



