रांची

झारखण्ड स्थापना दिवस पखवाड़े का भव्य समापन, करीब 9 हजार करोड़ की 1,650 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन

Grand conclusion of the Jharkhand Foundation Day fortnight; foundation stones laid and projects inaugurated for 1,650 schemes worth approximately ₹9,000 crore.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन एवं राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर खेलगांव, रांची में भव्य समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने समारोह में शामिल होकर करीब 9 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इस दौरान कुल 1,650 योजनाओं के माध्यम से राज्य में विकास कार्यों को नई गति देने की पहल की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 वर्षों का युवा झारखंड संघर्ष और बलिदान की बदौलत इस मुकाम तक पहुंचा है। भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित राज्य निर्माण के सभी महानायकों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन झारखंड की पहचान ही नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। इनका संरक्षण कर आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, रोजगार एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। 50 लाख से अधिक परिवारों तक प्रतिमाह कम से कम 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। वहीं छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार की ओर से भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि वे पूरी एकाग्रता से पढ़ाई कर सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित एवं अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है। इसके लिए युवाओं की भागीदारी और सामूहिक प्रयास जरूरी है। समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं, वीरता एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों, कलाकारों एवं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मैट्रिक, इंटर एवं इंजीनियरिंग परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद राशि एवं लैपटॉप प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। कार्यक्रम में राज्य के मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव, वरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button