आंखों में थे आंसू, सपनों में घर, अबुआ आवास योजना ने अनिल को दिया हौसला
There were tears in the eyes, house in the dreams, Abua housing scheme gave courage to Anil

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। बाघमारा प्रखण्ड अन्तर्गत जमुआटॉड खामारगोड़ा गांव के निवासी अनिल सिंह का वर्षों पुराना सपना आखिरकार साकार होता दिख रहा है। राज्य सरकार की ओर से अबुआ आवास योजना के तहत अनिल को जब घर मिला, तो उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। अपने छोटे से परिवार के साथ अनिल ने जब घर की पहली ईट रखी, तो मानो उनके जीवन का सबसे बड़ा सपना पूरा हो रहा हो। लेकिन ये खुशी ज्यादा दिन टिक नहीं सकी। अचानक गांव में अफवाह फैली कि अनिल सिंह सरकारी जमीन पर आवास बना रहे हैं। पंचायती होने लगी, बैठक में पंचायत के लोग पहुंचे और जांच कराने की मांग करने लगे। गांव के कई लोगों ने बीडीओ से शिकायत भी की। इस विवाद ने अनिल के हौसले को तोड़ दिया। वह मायूस हो गए, उनकी आँखों में आँसू थे। एक पल को लगा कि शायद अब उनका घर कभी नहीं बन पाएगा। ऐसे कठिन समय में मुखिया निरंजन गोप उनके लिए संबल बने। उन्होंने अनिल का हौसला बढ़ाया और वादा किया कि अगर घर टूटता है, तो घर का सारा खर्च वे खुद उठाएंगे। मामला गंभीर होने पर बाघमारा बीडीओ ने पंचायत सचिव को जांच का आदेश दिया। जांच में जमीन को रैयती पाया गया। अनिल फिर से घर का ईट जोड़ने लगा। अब अनिल फिर से अपने सपनों के घर को बनाने में जुटे हैं। वे खुद ईंट जोड़ रहे हैं, हर ईंट के साथ अनिल के सपने जुड़ रहे है। अनिल ने बताया ऐसा लग रहा जैसे वर्षों बाद सपना सच हो रहा है। परिवार के लिए पक्का मकान बन रहा है। वही पंचायत सचिव रवि कुमार के अनुसार बाघमारा बीडीओ के निर्देश पर आवास बन रहे जमीन की जांच की गई, जांच में जमीन रैयती पाया गया है।



