अलवर

केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने टहला सीएचसी भवन सहित 27.5 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का किया लोकार्पण

पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन को बढ़ावा देकर विकास को गति दी जाएगी - केंद्रीय वन मंत्री  यादव

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

अलवर। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अलवर सांसद  भूपेंद्र यादव ने थानागाजी क्षेत्र के टहला में 5.5 करोड़ रुपये की लागत से नव-निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित 27.5 करोड़ रुपये से अधिक लागत के एक दर्जन से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

अलवर में पर्यटन की असीम संभावनाएं, इसके विकास को दी जाएगी गति
 यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि थानागाजी-टहला क्षेत्र में पर्यटन और विकास की अपार संभावनाएं हैं। यहाँ उदयनाथ जी, पाराशर जी, नीलकंठ महादेव, पांडुपोल और नारायणी माता धाम जैसे आध्यात्मिक स्थल, अजबगढ़-भानगढ़ और काकरवाड़ी किला जैसे पर्यटन स्थलों के साथ मिलकर क्षेत्र को एक समग्र धार्मिक-पर्यटन केंद्र बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए यहां विकास को गति दी जाएगी। क्षेत्र के युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में स्किल डवलपमेंट के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। सरिस्का के एलिवेटेड रोड के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की भावनाओं के अनुरूप सकारात्मक कार्य किया जाएगा।
 यादव ने बताया कि ‘बाघ मित्र’ प्लास्टिक, बोतलें और कचरे की सफाई जैसे कार्यों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आज जिन विकास कार्यों का लोकार्पण हुआ है, उनसे क्षेत्र की सुविधाएं बेहतर होंगी और स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सेवाएं सुलभ होंगी।
अलवर की डेयरी के सुदृढ़ीकरण से किसानों को मिलेगी आर्थिक मजबूती
उन्होंने कहा कि अलवर जिले के किसानों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए 300 करोड़ रुपये की लागत से 5 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता का नया दुग्ध संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत पशु नस्ल सुधार, उन्नत चारे के बीज, और राजीविका के माध्यम से महिलाओं की आयवृद्धि के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले से बड़ी संख्या में ‘लखपति दीदी’ तैयार की जाएंगी।
ईआरसीपी योजना की डीपीआर तैयार, बिना भेदभाव के होगा विकास
प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा द्वारा पूर्वी राजस्थान को ईआरसीपी योजना से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की चर्चा करते हुए  यादव ने बताया कि इस योजना की प्रथम चरण की डीपीआर बन चुकी है और इससे अलवर को भी लाभ मिलेगा।
रूपारेल नदी के पुनर्जीवन कार्य के बारे में भी उन्होंने जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से विकास कार्यों में रुकावट आती है, इसी कारण प्रधानमंत्री मोदी ने एक देश, एक चुनाव की पहल की है। कार्यक्रम में जिला प्रमुख  बलबीर सिंह छिल्लर, जिला अध्यक्ष  अशोक गुप्ता,  महासिंह चौधरी,  रामहेत सिंह यादव, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा,  संजय नरूका, बन्नाराम मीणा, सरपंच प्रेम बाला,  बाबूलाल शर्मा,  सुरेश चंद शर्मा, राजेन्द्र तिवारी,  ऋषिराज शर्मा, महंत बाबूलाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में आमजन  उपस्थित रहे
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button