सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आरडीएस स्कीम के तहत जिले की बिजली व्यवस्था होगी दुरुस्त
55 करोड़ की लागत से हो रहा कार्य।

गोड्डा : जिले की बिजली व्यवस्था में अब बड़े बदलाव देखने वाले हैं। सरकार की महत्वाकांक्षी रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के तहत 55 करोड़ रुपये की लागत से कार्य शुरू कर दिया गया है। इस योजना के अंतर्गत गोड्डा शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ और निर्बाध बनाने का लक्ष्य है। बिजली विभाग के अनुसार, परियोजना पर तेजी से काम जारी है और आगामी दो महीनों में इसका प्रत्यक्ष असर दिखने लगेगा। इस योजना से न सिर्फ पुरानी और जर्जर लाइनों को बदला जाएगा, बल्कि नई ट्रांसफॉर्मर यूनिट्स, स्मार्ट मीटरिंग और आधुनिक बिजली उपकेंद्रों की स्थापना भी की जा रही है। उद्देश्य है कि गोड्डा की बिजली व्यवस्था को इतना मजबूत किया जाए कि उपभोक्ताओं को 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सके और फॉल्ट या ट्रिपिंग की समस्याओं से निजात मिले।



