नारायणपुर मोहडार गांव में बिजली गिरने से घर में तबाही, बच्चों की सुनने की शक्ति हुआ प्रभावित
Lightning in Narayanpur Mohdar village caused destruction in a house, children's hearing ability affected

सिराज अंसारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो। जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के मोहडार गांव में बुधवार सुबह करीब 7 बजे एक बड़ी दुर्घटना उस वक्त घटी जब तेज बारिश के साथ पहली बार जोरदार बिजली कड़की और आकाशीय बिजली सीधे गांव के एक खंभे पर गिरी। वहां से बिजली दीवार को चीरती हुई तासीर अंसारी के घर के भीतर पहुंच गई और इंडक्शन चूल्हे को फाड़ते हुए धमाका कर गई। इस हादसे में घर में रखा इंडक्शन चूल्हा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घर के अंदर उस समय महिलाएं और बच्चे चाय पी रहे थे। बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि बच्चों के कानों पर असर हुआ और उनकी सुनने की शक्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हो गई। जब मीडिया की टीम मौके पर पहुंची, तो बच्चे ठीक से सुन नहीं पा रहे थे कि उनसे क्या पूछा जा रहा है। गौरतलब है कि तासीर अंसारी पटना में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना के वक्त घर में महिलाएं और बच्चे ही मौजूद थे। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही थी, लेकिन आज पहली बार बिजली इतनी जोरदार कड़की और यही हादसे का कारण बनी। फिलहाल पूरा परिवार दहशत में है और स्थानीय प्रशासन से मदद व मुआवजे की मांग की जा रही है।



