
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
गोड्डा: शहर के प्रमुख क्षेत्रों में नहर चौक रोड़ की हालत इन दिनों बेहद खराब है। यह सड़क न सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए अहम है बल्कि यह मुख्य बाज़ार से भी जुड़ी हुई है। इसके बावजूद, इस सड़क का हाल वर्षों से बदहाल बना हुआ है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले दस वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी इस सड़क की मरम्मत या निर्माण का कोई कार्य नहीं हुआ है। स्थानीय मोहल्ला निवासियों ने बताया कि हर चुनाव में सड़क निर्माण का वादा किया गया, लेकिन हर बार यह वादा अधूरा रह गया। अब तक कई विधायक बदले, पर नहर चौक रोड की हालत जस की तस बनी हुई है। सर्दी, गर्मी और बरसात—हर मौसम में यहां से गुजरना लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होता।
बरसात में हाल होता बदहाल
वर्षा ऋतु में यह सड़क कीचड़ और गड्ढों से भर जाती है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को काफी परेशानी होती है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को खासा जोखिम उठाकर यहां से गुजरना पड़ता है। सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसल कर चोटिल हो रहे हैं।
मुख्य बाज़ार से जुड़ी होने के कारण इस सड़क पर रोज़ाना हज़ारों लोगों की आवाजाही होती है। लेकिन खराब सड़क की वजह से स्थानीय दुकानदारों के ग्राहकों की संख्या में गिरावट आई है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन अगर जल्द ही ध्यान नहीं देता, तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
स्थानीय निवासी और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि नहर चौक रोड का शीघ्र निर्माण कराया जाए। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर सड़क निर्माण पर शीघ्र कदम नहीं उठाए गए, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।



