बरेली
शिवाजी मार्ग स्थित खंडसारी नाथ मंदिर में गणेश उत्सव को लेकर प्रेस वार्ता संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। खंडसारी नाथ मंदिर परिसर में आगामी गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के सभी प्रमुख पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजक वरुण गर्ग सहित सर्राफा व्यापारियों ने एकजुट होकर गणेशोत्सव को सफल एवं यादगार बनाने का संकल्प लिया। प्रेस वार्ता के दौरान आयोजक वरुण गर्ग ने बताया कि इस वर्ष गणेश उत्सव को सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनाते हुए बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। गणेश प्रतिमा स्थापना के साथ प्रतिदिन भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इस बार विशेष आकर्षण छप्पन भोग रहेगा। साथ ही मंदिर में स्थापित स्वयंभू शिवलिंग की महिमा पर भी प्रकाश डाला गया।
आयोजकों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए विशेष इंतज़ाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन से भी सहयोग लिया जा रहा है। सर्राफा व्यापारियों ने भी उत्सव को सफल बनाने में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।



