अलवर

भिवाड़ी और अलवर में सफाई के ठेकों में हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर जमकर बरसे नेता प्रतिपक्ष जूली

मुख्यमंत्री की चुनौती पर फिर से बोले जूली, कहा मुख्यमंत्री समय और स्थान बताए, वे चर्चा को तैयार। सरिस्का के वन क्षेत्र में परिवर्तन को लेकर सरकार पर भ्रष्टाचार के गम्भीर आरोप लगाए।

 नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
अलवर :  नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली प्रदेश की भाजपा सरकार के राज में पनप रहे भ्रष्टाचार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भिवाडी से लेकर अलवर तक सफाई के ठेकों में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भिवाडी में सफाई का बजट बढाया और अब अलवर में बढाया जा रहा है, इसमें बडे स्तर पर भ्रष्टाचार स्पष्ट नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर सफाई के बजट में बेतहाशा वृद्धि कर रही है, जबकि पुराने बजट का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। चारों तरफ गन्दगी और प्रदूषण फैल रहे हैं, सफाई की कोई माकूल व्यवस्था नहीं है। नाले कचरों से भरे पडे हैं, जगह-जगह पानी जमा होने से भिवाडी और अलवर सड रहे हैं। बरसात में यह फैली गन्दगी मौसमी बीमारियों और महामारी का कारण बनेगी।
जूली ने कहा कि भ्रष्टाचार के चलते सफाई के बजट को  बढाया जा रहा है और 70 सफाई के ऑटो टिपर खडे होने के बावजूद 50 और टिपर खरीदकर उनका शुभारम्भ कर रहे हैं।
 जूली ने मुख्यमंत्री द्वारा अपने कार्यकाल को लेकर कांग्रेस को दी गई चुनौती याद दिलाते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री की चुनौती स्वीकार करते हैं और मुख्यमंत्री स्थान और समय बता दें वे वहां आकर चर्चा को तैयार हैं।
जूली ने सरिस्का के वनक्षेत्र में परिवर्तन को लेकर सरकार पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि भिवाडी के अलग जिला बनने के बाद सरिस्का अलवर और राजस्थान के पर्यटन का मुख्य केन्द्र है, लेकिन सरकार बडे लोगों को फायदा देने के लिए माइन्स एरिया को कम कर रही है। इसमें बडे स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है, सरकार को इसकी जांच करानी चाहिए।
 जूली ने अंता विधायक कंवरलाल मीणा प्रकरण में फिर एक बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार द्वारा नियम और कानून को किस तरह कुचला जा रहा है] यह देश और प्रदेश की जनता देख रही है।उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर के संविधान को भारतीय जनता पार्टी के नुमाइंदे चैलेंज कर रहे हैं।जूली बोले देश संविधान के जनक बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान के अनुसार ही चलेगा। देश में दो कानून नहीं चल सकते, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने इसका मजाक बना कर रख दिया है।जूली ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को एक दिन में दोषी साबित होते ही उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई जबकि कंवरलाल मीणा प्रकरण में 23 दिन तक मामले को अधरझूल  में रखा गया आखिर में हाई कोर्ट को इसे निरस्त करना पड़ा।
जूली बोले कंवरलाल मीणा प्रकरण में राज्यपाल के यहां अपील की गई है और एक दिन में रिमाइंडर मांगा जा रहा है जबकि मीणा के खिलाफ दो दर्जन से अधिक मुकदमे और एसडीएम पर पिस्तौल तानने जैसा संगीन मामला दर्ज है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा कानून का खुलेआम मजाक बनाकर लोकतंत्र की हत्या करने की साजिश रची जा रही है।
जूली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का असली चेहरा अब सबके सामने है] लेकिन उनकी यह मनमानी विपक्ष किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा और मजबूती के साथ इस लड़ाई को आगे लड़ेगा।
उन्होंने कहा कि राजस्थान और पूरे देश की जनता भाजपा के नेताओं की चाल, चरित्र और चेहरा देख रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button