विद्युत विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर प्रबंध निदेशक सख्त, दिए कड़े निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन,उरई। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि0, आगरा के प्रबंध निदेशक नितीस कुमार ने जालौन जनपद में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। बैठक में राजस्व संग्रहण, उपभोक्ता सेवाओं और विकास योजनाओं की प्रगति की पड़ताल की गई। कार्यों की रफ्तार सुस्त मिलने पर संबंधित अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी गई कि लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराना सुनिश्चित करें।
राजस्व वसूली के उपकेंद्रवार आंकड़ों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि जहां उपभोक्ता उपस्थिति 5% से कम है, वहां के जिम्मेदार इंजीनियरों पर कार्रवाई की जाए। वहीं, खराब बिलिंग पर जोनल मैनेजर को नोटिस देने के निर्देश भी दिए गए। उपभोक्ताओं को समय से सही बिल उपलब्ध कराने और मीटर रीडर के माध्यम से बिल जमा करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई।
आरडीएसएस योजना के अधीन शेष कार्यों को तेजी से पूर्ण करने हेतु कार्यदायी संस्था मोन्टेकार्लो को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान उरई स्थित विद्युत भंडार केंद्र में सामग्री की व्यवस्थित व्यवस्था पर बल देते हुए इंजीनियरों को निर्देश दिए गए कि नलकूप आवेदकों को क्रमबद्ध ढंग से सामग्री उपलब्ध कराई जाए।



