ट्रेन में चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने से हादसे का शिकार बुजुर्ग की हुई मौत
An elderly man died in an accident after losing his balance while boarding a train

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। बीते रविवार को पाकुड़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक दुखद घटना प्रकाश में आया है। जहां रामपुरहाट-साहेबगंज पैसेंजर ट्रेन में चढ़ते समय 55 वर्षीय नीलकमल निराला की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के सोमनाथपुर गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि घटना उस समय घटी, जब नीलकमल ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण वे ट्रेन के नीचे आ गये। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस पोस्ट में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक हरिश्चंद्र लोहरा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक की तलाशी के दौरान उनके पास से एक मोबाइल फोन और साहिबगंज का रेलवे टिकट बरामद हुआ, जिससे उनकी पहचान की पुष्टि हुई। बताया जा रहा है कि प्रारम्भिक जांच में हादसा संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ, और इसमें किसी तरह की साजिश या बाहरी हस्तक्षेप की आशंका नहीं है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। दोनों बल नियमित रूप से यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने- उतरने के दौरान सावधानी बरतने के लिए जागरूकता अभियान चलाते हैं। इसके बावजूद, इस तरह की घटनाएं समय- समय पर सामने आती रहती हैं, जो रेलवे स्टेशनों पर भीड़-भाड़ और यात्रियों की जल्दबाजी को दर्शाती हैं। जीआरपी और आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के रुकने का इंतजार करे और जल्दबाजी में चढ़ने या उतरने से बचे। इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और जागरूकता की आवश्यकता को उजागर किया है। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों को सुचित करने की प्रयासरत थे।



