गोड्डा
कस्तूरबा रघुनाथपुर के शिक्षण व्यवस्था में लाए सुधार : उपायुक्त
उपायुक्त ने किया पोड़ैयाहाट प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : उपायुक्त अंजली यादव ने जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड अंतर्गत कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय, रघुनाथपुर, उत्क्रमित उच्च विद्यालय बांझी , सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, डी०एम०एफ०टी० द्वारा नवनिर्मित विवाह भवन, पार्क, इनडोर स्टेडियम, प्रखंड सह अंचल कार्यालय, मॉडल पशु चिकित्सालय आदि का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त के द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रघुनाथपुर में अलग-अलग कक्षा के अलावा साइंस लैब, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, भोजनालय एवं विद्यालय में तैयार हुए भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई। साथ ही साथ उपलब्ध संसाधनों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया गया। स्कूल की साफ सफाई एवं शैक्षणिक स्तर को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए उपायुक्त के द्वारा वार्डन को शो काउज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही साथ घंटी आधारित शिक्षकों को सख्त निर्देश दिए गए की स्कूल में बेहतर शिक्षा के माहौल उपलब्ध कराया जाए ताकि छात्राओं को स्वच्छ परिवेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। इसी क्रम में उपायुक्त के द्वारा गर्ल्स होस्टल का निरीक्षण कर सुचारू रूप से संचालन करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के द्वारा अलग-अलग कक्षाओं में अध्यनरत छात्राओं से विषयगत प्रश्न पूछ कर उनके योग्यता की जांच की गई। उन्होंने छात्राओं से स्कूल में आ रही समस्याएं एवं शिक्षकों एवं अन्य लोगों के द्वारा पठन-पाठन में व्यवधान को लेकर अपनी अभिव्यक्ति प्रकट करने हेतु लिखित जानकारी ली ताकि उनकी समस्याओं का निराकरण यथाशीघ्र किया जा सके। निरीक्षण के क्रम में रघुनाथपुर में वित्तीय वर्ष 2025-26 में मनरेगा योजना द्वारा किये गये कार्यों का स्थलीय जांच एवं भौतिक सत्यापन करते हुए उपायुक्त के द्वारा बीपीओ पोड़ैयाहाट एवं मनरेगा कर्मी को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में उत्क्रमित उच्च विद्यालय बांझी में उपायुक्त के द्वारा शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षावार शिक्षक से परिचय, विद्यालय परिसर की साफ -सफाई, क्लासरूम, किचेन, शौचालय सहित अन्य कक्षों का बारी बारी से निरीक्षण कर जानकारी ली गई। इस दौरान उपायुक्त ने किचेन का जायजा लेते हुए बालकों के लिए बने भोजन की जांच की उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किचेन की साफ सफाई को सुदृढ़ रखें। छात्र एवं छात्राओं को मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए इसमें सावधानी बरतें। मौके पर जिला पशुपालन पदाधिकारी मनोज कुमार, अंचलाधिकारी ऋषिराज, एमओआईसी सहित प्रखंड कर्मी गण मौजूद थे।



