मथुरा
जयसिंहपुरा में सड़क पर बना था डलावघर, नगर आयुक्त ने हटवाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। शहरी स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को सुबह नगर आयुक्त द्वारा वार्ड 17 बैरागपुरा का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई तथा वार्ड में कार्यरत सफाई कर्मियों की उपस्थिति की जांच की गई। जांच के दौरान चार सफाई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके उपरांत नगर आयुक्त द्वारा वार्ड 36 जयसिंहपुरा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्ग पर स्थित डलाव घर को तत्काल हटाकर वहां सौंदर्यीकरण कार्य कराने के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए। साथ ही डलाव घर के पास स्थित टूटी हुई नाली की मरम्मत कर उसे पक्का करने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए गए एवं डलावघर के पास स्थित एक खाली प्लॉट के सामने हरित पर्दा (ग्रीन सीट) लगाने के निर्देश दिए गए ताकि क्षेत्र की दृश्यात्मक सुंदरता में वृद्धि हो सके। निरीक्षण के दौरान वार्ड 36 के पार्षद राकेश भाटिया, डॉ0 गोपाल बाबू गर्ग नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहित आदि उपस्थित रहे ।



