बालाघाट
बालाघाट में 26 जुलाई से 05 अगस्त तक नेशनल फुटबाल चैंपियनशीप का आयोजन
कलेक्टर ने फुटबाल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ तैयारियो पर की चर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : जिला फुटबाल एसोसिएशन बालाघाट द्वारा आगामी 26 जुलाई से 05 अगस्त 2025 तक बालाघाट में जुनियर ब्वायज नेशनल फुटबाल चैंपियनशीप बीसी राय ट्रॉफी 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देश के 16 राज्यों की टीम शामिल होने जा रही है। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर मृणाल मीणा ने 17 जुलाई को जिला फुटबाल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की।
बैठक में जिला फुटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष विधायक गौरव पारधी, एसडीएम गोपाल सोनी, इस प्रतियोगिता की आयोजन समिति के अध्यक्ष रमेश रंगलानी, संयोजक तपेश असाटी, सचिव सुनील यादव, गणेश अग्रवाल, आशीष मिश्रा, खेल विभाग से योगेंद्र पटले, नगर पालिका से बीएल लिल्हारे उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि जुनियर ब्वायज नेशनल फुटबाल चैंपियनशीप बीसी राय ट्रॉफी 2025-26 के मैच मुलना स्टेडियम, रेंजर कॉलेज ग्राउंड, पुलिस लाईन मैदान एवं ग्राम निलजी के मैदान में आयोजित होंगे। टीमों की प्रेक्टिस के लिए सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल मैदान, उत्कृष्ट विद्यालय मैदान को चिन्हित किया गया है। बैठक में खेल मैदानों की ग्रास कटिंग, रोलर, गोल पोस्ट आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रतियोगिता के दौरान एम्बुलेंस एवं डाक्टर्स की ड्यूटी लगाने तथा खिलाडि़यों के परिवहन के लिए वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिये गए। बैठक में बताया गया कि खिलाडि़यों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था शहर के 10 अच्छे होटलों में की गई है।
26 जुलाई से 05 अगस्त 2025 तक आयोजित होने वाली 16 वर्ष से कम आयु के खिलाडि़यों की इस राष्ट्रीय स्तर की फुटबाल प्रतियोगिता में हरियाणा, आसाम, जम्मू कश्मीर, राजस्थान, बिहार, सिक्किम, अरूणाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, त्रिपुरा, उत्तरप्रदेश, हिमाचलप्रदेश, अण्डमान निकोबार, आंध्रप्रदेश, पाण्डिचेरी, मध्यप्रदेश एवं गुजरात की टीम आ रही है



