बालाघाट

सम्राट अशोक सेना के जिला अध्यक्ष बने धर्मदीप सूर्यवंशी

किरनापुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अजय सुखदेव ने किया नियुक्ति का ऐलान, सामाजिक एकता और समरसता पर दिया जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

बालाघाट। किरनापुर बस स्टैंड स्थित डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर प्रतिमा परिसर में सम्राट अशोक सेना सामाजिक संगठन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अजय सुखदेव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दीप प्रज्वलन के बाद सम्राट अशोक के छायाचित्र और डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

कार्यक्रम में बौद्ध समाज के लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष अजय सुखदेव का स्वागत किया। समाजजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक का जीवन-दर्शन सत्य, न्याय, करुणा और समरसता का संदेश देता है। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने शिक्षा, समानता, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करने तथा सम्राट अशोक के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजय सुखदेव ने धर्मदीप सूर्यवंशी को सर्वसम्मति से सम्राट अशोक सेना का बालाघाट जिला अध्यक्ष नियुक्त किया। उनकी नियुक्ति पर उपस्थित समाजजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक उत्थान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।

कार्यक्रम में किरनापुर के सरपंच एवं जनप्रतिनिधि जे.पी. रामटेके, राकेश बोरकर, विकास सूर्यवंशी, एस.आर. पटेल, साहिल मेश्राम, अंशुल मेश्राम, राहुल गजभिये, अमरदीप रामटेके, प्रज्वल सूर्यवंशी, अनिल सूर्यवंशी, आनंद चौहान, नरेश, मुकेश एवं राकेश भीमके सहित बड़ी संख्या में बौद्ध समाज के उपासक और समाजजन उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button