राजमहल थाना में iRAD/eDAR प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
iRAD/eDAR training program concluded at Rajmahal police station

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहेबगंज। राजमहल थाना परिसर में आज “एकीकृत सड़क दुर्घटना डेटाबेस (iRAD/eDAR)” प्रणाली पर आधारित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के डेटा संकलन, विश्लेषण और प्रबंधन के लिए पुलिस पदाधिकारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन iRAD/eDAR प्रबंधक मनोज कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को iRAD/eDAR पोर्टल के उपयोग, दुर्घटना की रिपोर्टिंग, सटीक विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया, तथा डेटा आधारित विश्लेषण के महत्व के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कुमार ने बताया कि यह प्रणाली सड़क सुरक्षा में सुधार लाने और दुर्घटना की जड़ तक पहुँचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके माध्यम से सरकार और संबंधित एजेंसियों को नीति निर्माण में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में राजमहल थाना के सभी पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया और प्रशिक्षण को उपयोगी तथा व्यवहारिक बताया। प्रशिक्षुओं ने उम्मीद जताई कि इस तकनीक के माध्यम से दुर्घटनाओं की संख्या में प्रभावी कमी लाई जा सकेगी।



