असम के कामरूप ज़िले में मनाया गया देशभक्ति दिवस ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : पूरे असम में कल सोमवार को देशभक्त तरुणराम फूकन की पुण्यतिथि के साथ मेल रखते हुए देशभक्ति दिवस मनाया गया। कामरूप ज़िला प्रशासन के नेतृत्व में भी अमिनगांव स्थित संयुक्त ज़िला आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित देशभक्ति दिवस के कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्त तरुणराम फूकन की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करके की गई। कल के इस कार्यक्रम में कामरूप ज़िला आयुक्त देव कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि थे, जिन्होंने अपने भाषण में देशभक्त तरुणराम फूकन के गहन देशभक्ति भाव को याद किया तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनके सक्रिय योगदान का विस्तृत उल्लेख किया। ज़िला आयुक्त ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में असम को नेतृत्व देने वालों में तरुणराम फूकन एक प्रमुख देशभक्त थे।यह महान स्वतंत्रता सेनानी महात्मा गांधी के संदेशों से प्रेरित होकर असम में स्वतंत्रता आंदोलन को एक नई गति से आगे बढ़ाने वाले व्यक्ति थे। “तरिले देश मरिले स्वर्ग” के नारे के साथ उन्होंने असम के लोगों को स्वतंत्रता संग्राम में डटे रहने के लिए प्रोत्साहित किया। ज़िला आयुक्त ने यह भी बताया कि तरुणराम फूकन केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी राजनेता, एक कुशल वक्ता, साहित्यकार और बहुमुखी प्रतिभा वाले व्यक्तित्व थे। ऐसे आदर्श पुरुष के जीवन और देशभक्ति से प्रेरित होकर ज़िला आयुक्त ने सभी से जीवन के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। तथा कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट वक्ताओं और गणमान्य अतिथियों ने तरुणराम फूकन के देश के प्रति अपार समर्पण और योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कामरूप ज़िला प्रशासन के सभी अधिकारी-कर्मचारी, विभागीय अधिकारी, और विभिन्न क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कल के इस आयोजन के माध्यम से देशभक्त तरुणराम फूकन की गहरी देशभक्ति और उनके जीवन तथा कार्यों की स्मृति को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।



