असम पुलिस के 19 जांबाज़ों को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक
गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंता भी सम्मानित।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2026 के लिए प्रतिष्ठित ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’ की घोषणा की है। इस सम्मान में असम पुलिस के 19 अधिकारियों और जवानों को शामिल किया गया है। इनमें गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थ सारथी महंता भी शामिल हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 31 अक्टूबर 2026 को घोषणा की कि देश के विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) तथा केंद्रीय पुलिस संगठनों (CPOs) के कुल 490 कर्मियों को यह पदक दिया जा रहा है। यह पुरस्कार राष्ट्रीय एकता दिवस, यानी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर घोषित किया जाता है। असम पुलिस के इस साल चुने गए 19 कर्मियों में वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर मैदानी स्तर के जवानों तक शामिल हैं। प्रमुख नामों में गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थ सारथी महंता, एसएसपी प्रणब कुमार पेगू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कल्याण कुमार पाठक और अतिरिक्त डीसीपी अनुराग शर्मा शामिल हैं। इसके अलावा अतिरिक्त एसपी रोजी तालुकदार समेत इंस्पेक्टर कमलेश सिंह, भास्कर मल्ला पटोवारी, चंदन ज्योति बोरा, विक्रम बसुमतारी, डॉ. शंकर ज्योति नाथ और कपिल पाठक भी पुरस्कार सूची में हैं। पुरस्कृत अन्य पुलिसकर्मियों में रोहित दास, अंखुमी कलिता, डेजी नाथ, जीतुमणि राभा, प्रणब ज्योति भट्टाचार्य, अहमद अली, कमल बोरा और बकुल मेधी शामिल हैं। सूची में डॉ. वी. शिवा प्रसाद गंजाला, कमल चंद्र राजबंशी, पृथ्वीराज राजखोवा और मौती बसुमतारी के नाम भी दर्ज हैं। इस पदक को पुलिस बलों, सुरक्षा संगठनों, खुफिया इकाइयों, विशेष शाखा तथा फॉरेंसिक विज्ञान क्षेत्र के कर्मियों को विशेष अभियान, जांच, खुफिया सेवा और फॉरेंसिक कार्य में उत्कृष्टता के लिए दिया जाता है। ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’ की शुरुआत 1 फरवरी 2024 को की गई थी। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों के पेशेवर कौशल, ईमानदारी, जनता के हित में किए गए कार्य और अपराध जांच में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना है। इस वर्ष के पुरस्कार विजेताओं में पुलिस कमिश्नर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक और कांस्टेबल स्तर के कर्मी शामिल हैं। यह दर्शाता है कि असम पुलिस में जांच एवं कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में हर स्तर पर योगदान देने वाले कर्मियों की पहचान की जा रही है। असम पुलिस के 19 कर्मियों को राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान राज्य पुलिस के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि यह पहचान अन्य पुलिसकर्मियों को भी पारदर्शिता, तकनीकी कुशलता और पेशेवरता अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।



