असम के कामरूप अमिनगांव में रात-रात घर-घर पहुंची असम पुलिस
किरायेदारों के सत्यापन के लिए चलाया विशेष अभियान।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के कामरूप जिला में असम पुलिस ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से अमिनगांव क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान कामरूप जिले के पुलिस टीमें रात में घर-घर पहुंचीं और मकान मालिकों से किरायेदारों की पूरी जानकारी दर्ज करने का आग्रह किया। पुलिस का मानना है कि किरायेदार की पहचान और आवश्यक जानकारी उपलब्ध न होने पर कुछ लोग इसका फायदा उठाकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं। इसलिए मकान मालिकों को किरायेदार रखने से पहले उनकी पहचान पूरी तरह सुनिश्चित करने और पुलिस को समय पर सूचित करने के लिए जागरूक किया गया। अभियान में मकान मालिकों से कहा गया कि वे प्रत्येक किरायेदार का स्थायी पता, कार्यरत संस्था का विवरण, आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल नंबर सहित आवश्यक दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध कराएं। साथ ही किराए के घर वाले परिसर में कमरों की संख्या और मकान मालिक की पूरी जानकारी भी दर्ज कराई जाएगी। हाल ही में यह विशेष अभियान अमिनगांव के पानीपारा और मध्यम चुबुरी इलाकों में चलाया गया। पुलिस ने मकान मालिकों को बताया कि किरायेदार की पहचान छिपाना या बिना सत्यापन के उन्हें आश्रय देना सुरक्षा के लिहाज से जोखिम भरा हो सकता है। असम पुलिस पहले से ही किरायेदार सत्यापन को एक नागरिक सेवा के रूप में उपलब्ध कराती है, जिसमें किरायेदार का पता, पहचान प्रमाण और संपर्क विवरण जमा कर पुलिस से सत्यापन कराया जा सकता है। यह अभियान कामरूप पुलिस के उप-पुलिस अधीक्षक तिंकूज्योति चौधरी, देवर्षि दास और दीपक शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इसमें हाजो थाना प्रभारी रूपम हजारिका, चांगसारी थाना प्रभारी अपूर्व कलिता, अमिनगांव पुलिस चौकी प्रभारी अबिनाश सैकिया, अन्य एक अधिकारी योगेश कलिता ओर ददरा पुलिस चौकी प्रभारी विशाल बर्मन सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल थे।कामरूप पुलिस ने कहा कि अपराध रोकने में जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। इसलिए मकान मालिकों से अपेक्षा की गई है कि वे अधिक सतर्क और जिम्मेदार बनें ताकि कोई अपराधी किराये के घर में छिपकर असामाजिक या आपराधिक गतिविधि न कर सके। कामरूप पुलिस के अनुसार, यह जागरूकता अभियान एक बार की कार्रवाई नहीं है, बल्कि इसे आगे भी जारी रखा जाएगा। इसका उद्देश्य है कि क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन की प्रक्रिया को नियमित बनाया जाए और अपराध की संभावना को पहले ही रोका जा सके।



