मुरादाबाद
प्रसव के दौरान महिला की हुई मौत सड़क पर शव रखकर परिजनों ने किया था प्रदर्शन
फर्जी चिकित्सक के खिलाफ जांच शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। प्रसव के दौरान महिला की मौत होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दलपतपुर स्थित झोलाछाप महिला चिकित्सक के निजी अस्पताल पर छापा मारा। इससे पहले ही महिला चिकित्सक अस्पताल में ताला ठोक कर फरार हो गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे में तैनात डाॅ. अशरफ अली बिना कार्रवाई के वापस आ गए। डाॅ. अशारफ ने महिला चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही हैै। मंगलवार के दिन मिलक कामरू निवासी सतपाल की पत्नी शशि को प्रसव प्रीड़ा के दौरान दलपतपुर ब्लाक कार्यालय के निकट आकांक्षा हेल्थ केयर सेंटर में भर्ती कराया गया था। जहां महिला चिकित्सक शशि द्वारा गलत इंजेक्शन लगाने से उसकी हालत खराब हो गई। जिसपर परिजन उसे मुरादाबाद ले गए थे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। विरोध में परिजन मृतक के शव को वापस ले आए और दलपतपुर पुलिस चैकी पर रख कर प्रदर्शन किया। उन्होंने थाने में तहरीर देकर कथित डाॅ. शशि के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। स्थानीय पुलिस द्वारा आश्वासन देने पर ही प्रदर्शनकारी शांत हुए थे।
गुरुवार को स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ डाॅ. अशरफ अली के नेतृत्व में झोलाछाप डाॅ. शशि का अस्पताल सीज करने पहुंचा लेकिन महिला चिकित्सक गेट में ताला लगा कर फरार हो गई। ग्रामीण मुहम्मद नईम, अहमद अली व फहीम ने बताया कि कथित महिला चिकित्सक लंबे समय से फर्जी अस्पताल चलाकर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है। अनेक मामले बिगाड़ भी चुके है जिससे लोगों में रोष है।दलपतपुर पुलिस चैकी इंचार्ज ने कहा कि पुलिस कथित महिला चिकित्सक को तलाश कर रही है। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।




