सिंगरौली
अंधविश्वास की भेंट चढ़ी महिला, भतीजे ने गला दबाकर की हत्या

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बरका चौकी के महुली गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अंधविश्वास और शक के चलते एक युवक ने अपनी चाची की गला दबाकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, आरोपी गोविंद सिंह (25) को अपनी चाची मानवती सिंह (40) पर जादू-टोना करने का शक था। इसी भ्रम के चलते उसने गुस्से में आकर उनकी गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका मानवती सिंह, छत्रपति सिंह की पत्नी थीं। वारदात के बाद आरोपी गोविंद सिंह ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सरई निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया पुलिस चौकी बरका दल बल सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी देवसर एसडीओपी गायत्री तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गौरतलब है कि अंधविश्वास और शक के चलते इस तरह की घटनाएं अक्सर घटित हो रही हैं, जिन्हें रोकने के लिए समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है।



