झुंझुनू
गाँधी सेवा रत्न अवार्ड- 2025 को लेकर गाँधी परिवार की बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं सूरजगढ़। राष्ट्रीय पुरस्कार गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2025 के संबंध में गाँधी कृषि फार्म सूरजगढ़ में धर्मपाल गाँधी की अध्यक्षता में गाँधी परिवार की बैठक संपन्न हुई। बैठक में आदर्श समाज के प्रणेता गाँधीवादी समाजसेवी और स्वतंत्रता सेनानी श्री बजरंग लाल गाँधी की पुण्य स्मृति में 1 सितंबर 2025 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई। बैठक में गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2025 के लिए राष्ट्रीय चयन समिति का गठन किया गया। चयन समिति में प्रयागराज से रेनू मिश्रा दीपशिखा, गोवा से विकास कुमार, धर्मपाल गाँधी, राजेंद्र कुमार गाँधी, संजय गाँधी, सतीश कुमार और संपादक अंजू गाँधी को शामिल किया गया है। गाँधी परिवार के सदस्य धर्मपाल गाँधी ने बताया कि श्री बजरंग लाल गाँधी स्मृति दिवस पर हर वर्ष एक सितंबर को राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वावधान में राष्ट्रीय पुरस्कार गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है। गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान है, जो उन व्यक्तियों को दिया जाता है, जो शिक्षा, चिकित्सा, न्याय, स्वच्छता, पर्यावरण, विज्ञान एवं टेक्नोलॉजी, साहित्य एवं पत्रकारिता, कला एवं संस्कृति, योग, संगीत एवं नृत्यकला, शांति और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड राष्ट्रीय पुरस्कार विश्व में गाँधीवादी विचारधारा को बढ़ावा देने और सामाजिक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित करने के लिए दिया जाता है। गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड प्राप्त करने वाले व्यक्ति सामाजिक न्याय, समानता और अहिंसा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते हैं। राजनीति और राजकीय सेवा में ईमानदारी से कार्य करने वाले लोगों को भी गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया जाता है। गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2025 के लिए चयन समिति द्वारा 5 अगस्त से पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। प्रतिभा सम्मान समारोह में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया जायेगा। बैठक में आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य चाँदकौर, राजेंद्र कुमार गाँधी, दरिया सिंह डीके, संजय गाँधी, सुनील गाँधी, अंजू गाँधी, इशांत, तनिष्का, हर्षिता, माहिर गाँधी, शुभम, हर्ष गाँधी, तनिश गाँधी आदि अन्य लोग मौजूद रहे।



