अमरोहा
अमरोहा के गजरौला में कैमिकल प्लांट से गैस रिसाव
जहरीली धुंध से लोगों को सांस लेने में हुई परेशानी, प्रदूषण बोर्ड की टीम करेगी जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जिले के औद्योगिक नगर गजरौला में बीती रात बेस्ट क्रॉप कैमिकल कंपनी के प्लांट से गैस रिसाव की घटना सामने आई। गैस लीकेज के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। जहरीली धुंध चारों तरफ फैल गई। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई।
प्रदूषण बोर्ड को शिकायत मिलने के बाद अमरोहा प्रशासन हरकत में आया। प्रशासन ने तुरंत नगर पालिका के बाबू ललित कुमार को मौके पर भेजा। उन्हें स्थिति की हकीकत बताने को कहा गया। गैस रिसाव के बाद आज प्रदूषण बोर्ड की टीम मौके पर आएगी। वह गैस लीकेज के मामले की जांच करेगी।कंपनी के प्लांट से अचानक जहरीली गैस का रिसाव शुरू हुआ। कुछ ही देर में यह गैस पूरे नगर के अलग-अलग हिस्सों में फैल गई। इससे चारों तरफ धुंध जैसी परत बन गई। लोगों की आंखों में जलन होने लगी। उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत आने लगी।शिकायतें मिलने के बाद नगर पालिका गजरौला की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों को फौरन गैस लीकेज रोकने के निर्देश दिए। उन्हें चेतावनी दी गई कि अगर लीकेज पर काबू नहीं पाया गया तो सख्त कार्रवाई होगी।कंपनी कर्मचारियों ने भी गैस लीकेज की घटना को स्वीकार किया है। फिलहाल नगर पालिका की निगरानी में लीकेज पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं। स्थानीय लोग मास्क लगाकर सड़क पर निकल रहे हैं। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग प्रदूषण नियंत्रण विभाग से तत्काल जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



