पुलिस ने सोतीगंज में चलाया सत्यापन अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। देश भर में वाहनों के कटान के लिए कुख्यात रहे सोतीगंज इलाके में फिर से अवैध गतिविधियां शुरू न हो सकें इसके लिए मेरठ पुलिस ने आज सोतीगंज पहुंचकर क्षेत्र में चल रही ऑटो पार्टस एवं कबाड़ की दुकानों का सत्यापन किया। एसएसपी के निर्देश पर सत्यापन अभियान के लिए पहुंची पुलिस टीम को देखते ही क्षेत्र में हडकंप मच गया। सत्यापन के दौरान कुल 122 दुकानदार/व्यक्तियों की सूची का मिलान कर वर्तमान स्थिति की जांच की गई। इसमें कई दुकानें बंद पाई गईं, कुछ दुकानों का कार्य अन्यत्र स्थानांतरित पाया गया तथा कुछ दुकानों में वर्तमान में अलग कार्य संचालित हो रहा है। इस सत्यापन का मुख्य उद्देश्य अवैध गतिविधियों की वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी करना एवं संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्तियों का डाटा संकलन कर आवश्यक कार्रवाई हेतु सुरक्षित रखा गया है। उल्लेखनीय है कि सोतीगंज का जिक्र हाल ही में सीएम योगी ने इस परिप्रेक्ष्य में किया था कि ‘‘सोतीगंज के आका भी बच न सके’’। पुलिस का यह अभियान आगे भी सतत रूप से जारी रहेगा ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।


