अमरोहा
अमरोहा में मंत्री दानिश आजाद का कांग्रेस पर पलटवार
विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कर रहा हमला, वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा के लिए नया कानून

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को अमरोहा के गजरौला में भाजपा नेता डॉक्टर सोरन सिंह के आवास पर पहुंचे मंत्री का कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया।मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल पूरी तरह से हताश हैं। उनके अनुसार विपक्ष द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता के मन में संदेह पैदा कर रही है। बिहार विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार का अंदेशा है। चुनाव आयोग ने कांग्रेस से वोट चोरी के सबूत मांगे थे। लेकिन अब तक कोई सबूत नहीं दिया गया है।मस्जिदों के नीचे मंदिर खोजने के आरोप को मंत्री ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय ने कोई आरोप नहीं लगाया है। मोदी और योगी सरकार ने वक्फ के माध्यम से मुस्लिम विकास को मजबूत किया है। वक्फ संपत्तियों, मस्जिदों और कब्रिस्तान की सुरक्षा के लिए अमेंडमेंट एक्ट लाया गया है। मंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया।



