लोनी पुस्ता चौकी क्षेत्र में घंटों तक जाम, पुलिस रही बेपरवाह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुस्ता पुलिस चौकी के पास आज सुबह भारी जाम देखने को मिला। सुबह हुई बारिश से सड़क पर जलभराव होने के कारण एक ओर का रास्ता बंद हो गया, जिससे दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को एक ही सड़क से गुजरना पड़ा। नतीजतन घंटों तक लंबा जाम लगा रहा।
जाम में फंसे नौकरी पेशा लोगों को अपने काम पर समय से न पहुँच पाने के कारण छुट्टी करनी पड़ी। वहीं, स्कूली बच्चों और अस्पताल जाने वाले मरीजों को भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। जाम के चलते लोगों को पेट्रोल-डीजल की बर्बादी के साथ प्रदूषण का भी शिकार पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ट्रैफिक को सुचारू कराने की बजाय अपनी गाड़ी के पास खड़े होकर आपस में गपशप करते नजर आए। यदि पुलिसकर्मी सक्रिय रहते तो जाम से लोगों को राहत मिल सकती थी।
जाम में फंसे लोगों ने जिला प्रशासन से इस स्थान पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से बचा जा सके।

