साहिबगंज में आयोजित हुआ लखपति दीदी सम्मान सह- परिसंम्पत्ति का वितरण
Lakhpati Didi Samman and distribution of assets was organized in Sahibganj

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज। भूमि संरक्षण कार्यालय साहेबगंज एवं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), साहिबगंज के तत्वावधान में आज सिध्दो-कान्हू सभागार में लखपति दीदी सम्मान सह परिसंपत्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती, वशिष्ठ अतिथि उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, जिला सहकारिता पदाधिकारी महादेव मुर्मू, जिला मत्स्य पदाधिकारी विरेन्द्र विन्हा एवं जेएसएलपीएस डीपीएम मतीन तारीक,जिला उधान पदाधिकारी अमितेश रंजन, भुमि संरक्षण पदाधिकारी राहुल गुप्ता, द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त सती ने अपने संबोधन में कहा कि लखपति दीदी सम्मान सह परिसंपत्ति वितरण समारोह का मुख्य उद्देश्य है कि जिले की सभी दीदियों की मासिक आमदनी को बढ़ाकर उन्हें “लखपति दीदी” के रूप में सशक्त करना। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य है कि सभी दीदियां बराबरी पर आएं और धीरे-धीरे लाखों की आमदनी की ओर बढ़ें। इसके लिए जरूरी है कि सभी महिलाएं अपने कार्यों में विविधता (Diversification) लाएं। उदाहरणस्वरूप, जो महिला सिलाई का काम करती है, वह कृषि, पशुपालन या अन्य कार्यों को भी जोड़कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकती है। उपायुक्त ने बताया कि सरकार की 150 से अधिक योजनाओं के अंतर्गत बकरी, मुर्गी, सूअर, बॉयलर, मधुमक्खी पालन, सब्ज़ी बीज, तालाब निर्माण, मछली एवं बत्तख पालन, दलहन की खेती आदि सुविधाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी, सहकारिता, मत्स्य, पशुपालन और JSLPS जैसे सभी विभागों के पदाधिकारी मौजूद हैं और योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने अंत में सभी दीदियों से आह्वान किया कि वे योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सतीश चंद्रा ने कहा कि आज साहिबगंज जिले में 25,000 लखपति दीदिया तैयार हो चुकी हैं, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक है। उन्होंने बताया कि जिले के 1,43,000 परिवारों को सरकार एवं जेएसएलपीएस के माध्यम से जोड़ा गया है और उन्हें प्रशिक्षण, स्किल डेवलपमेंट एवं बैंक लिंकेज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि दीदिया खेती और गैर-खेती दोनों क्षेत्रों में सफल उद्यम कर रही हैं। साथ ही, सामाजिक कुरीतियों जैसे हरिया दारु की परंपरा एवं डायन प्रथा को समाप्त करने की दिशा में भी कार्य कर रही हैं। इसके लिए सरकार की ओर से ₹50,000 का करमुक्त अनुदान दिया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक परिवार वैकल्पिक रोजगार से जुड़ सके। उप विकास आयुक्त ने अंत में सभी दीदियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और कहा कि प्रशासन सदैव आपके साथ है। कार्यक्रम में उपायुक्त श्री हेमंत सती के हाथों बोरियो, राजमहल, बरहेट, बड़हरवा एवं तालझारी प्रखंडों की 09 लखपति दीदी समूहों को मिनी ट्रैक्टर वितरित किए गये। इसके अलावा विभागीय कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। परिसंपत्ति वितरण के अंतर्गत VRF – ₹1.90 करोड़, RF – ₹0.87 करोड़, CIF – ₹3.00 करोड़, PG Fund – ₹0.10 करोड़ का वितरण किया गया। साथ ही चयनित लखपति दीदियों, BPMs, CCs, IPRPs एवं कैडर्स को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दो लखपति दीदियों ने मंच से अपनी सफलता की प्रेरक कहानियाँ साझा की, जिसने उपस्थित जनसमूह को उत्साहित एवं प्रेरित किया।



