गाजियाबाद
ट्रॉनिका सिटी: फैक्ट्रियों तक पहुँचने से पहले तैराकी का हुनर ज़रूरी
भगत सिंह चौक से आवास विकास कॉलोनी तक सड़कों पर घुटनों तक पानी, महिलाओं और मजदूरों की बेबसी बढ़ी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी, गाज़ियाबाद। लगातार बारिश के बाद ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। भगत सिंह चौक से आवास विकास कॉलोनी तक मुख्य मार्गों पर पानी भर जाने के कारण फैक्ट्रियों तक पहुंचना मजदूरों के लिए मुश्किल हो गया है।ट्रॉनिका सिटी में हजारों फैक्ट्रियां चल रही हैं, जहां लाखों लोग रोज़गार पाते हैं। लेकिन पिछले दो दिनों से सड़कों पर पानी भरे होने के कारण श्रमिक समय पर अपनी फैक्ट्रियों तक नहीं पहुँच पा रहे हैं। खासकर महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।मजदूरों ने अपनी बेबसी जाहिर करते हुए कहा, “रोज़ी-रोटी कमाने निकले मजदूरों को पहले पानी से जंग लड़नी पड़ रही है। पेट की आग बुझाने के लिए हमें पानी में डूबते-उतराते फैक्ट्रियों तक पहुँचना पड़ रहा है।”स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलनिकासी की पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की है। नगर निकाय की टीम आज सुबह से ही ट्रैक्टर और मोटर पंप की मदद से पानी निकालने का काम शुरू कर चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि देर शाम तक सड़कों पर भरा पानी काफी हद तक निकाल लिया जाएगा, उसके बाद ही मजदूर अपनी फैक्ट्रियों में काम करने पहुँच पाएंगे।स्थानीय उद्यमियों ने भी स्थायी समाधान की अपील की है। उनका कहना है कि हर बरसात में यह क्षेत्र जलभराव से जूझता है और फैक्ट्रियों का कामकाज प्रभावित होता है। यदि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है

