बेतुल
बैतूल आयुष ग्राम हिवरखेड़ी ने भारत-भारती में लगा निशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर,
243 ग्रामीणों को मिला उपचार

171 ग्रामीणों ने आयुर्वेद तो 72 ने होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति से पाया स्वास्थ्य लाभ
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। आवासीय विद्यालय परिसर भारत-भारती में बुधवार 3 सितंबर को निशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन आयुष ग्राम हिवरखेड़ी द्वारा किया गया, जिसका शुभारंभ भगवान धनवंतरी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्या भारती के सह-संगठन मंत्री अनिल अग्रवाल तथा समिति उपाध्यक्ष रमापतिमणि त्रिपाठी की विशेष उपस्थिति रही।शिविर का संचालन प्रातः 10 बजे से आरंभ हुआ। इसमें नोडल अधिकारी डॉ. लक्ष्मी किसनानी और सहायक नोडल अधिकारी डॉ. विजय तांडिलकर की देखरेख में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों ने ग्रामीणों को परामर्श और उपचार प्रदान किया। शिविर में डॉ. वेद प्रकाश डेहरिया, डॉ. नितिन अतुलकर, डॉ. ज्योति कुमारी, डॉ. सरिता डेहरिया, डॉ. अभय देव, डॉ. रवीना लहरपुरे, डॉ. जितेंद्र साहू तथा समस्त पैरामेडिकल स्टाफ ने अपनी सेवाएं दीं।ग्रामीणों को ज्वार, कास, श्वास, प्रतिशत, वातरोग, आमवात, मधुमेह, अर्श और उच्च रक्तचाप सहित कई बीमारियों के उपचार के लिए निशुल्क औषधियां वितरित की गईं। इस मेगा शिविर में आयुर्वेद पद्धति से 171 और होम्योपैथिक पद्धति से 72 लाभार्थियों सहित कुल 243 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।वहीं योग प्रशिक्षक कु. पारुलका पालीवाल और योग सहायक कु. बिजली कुमरे ने उपस्थित ग्रामीणों को रोग अनुसार योगाभ्यास कराया और उन्हें सरल योग क्रियाएं भी सिखाईं। इस आयोजन से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, औषधि और योग साधना का लाभ मिला।




