बेतुल
बैतूल बांसपानी में आग से मचा हड़कंप, मकान के सामने बना मंडप जलकर खाक
किराना दुकान तक पहुंच सकती थी आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। विकासखंड बैतूल के ग्राम बांसपानी में गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे अशोक भलाबी के मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से मकान के सामने बना मंडप पूरी तरह जलकर खाक हो गया। मंडप के नीचे रखे बिस्तर, कपड़े और प्लास्टिक की कोठियां भी जल गईं।
मकान से सटी किराना दुकान तक आग फैलने का खतरा था, लेकिन ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग को दुकान तक पहुंचने से रोक लिया। पड़ोसियों ने अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद पंचायत भवन से पानी का टैंकर बुलाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना पर पाढर चौकी और बैतूल कोतवाली से डायल 112 का वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली और नुकसान का जायजा लिया। परिजनों के अनुसार, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।



