अमरोहा
10 महीने पहले हुई थी शादी, दहेज के लिए हत्या
अमरोहा में पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, विवाहिता का शव गंगा में फेंका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या का मामला सामने आया है। 21 वर्षीय रीना की शादी मेहरपुर बंसी वाला निवासी निगम से 10 महीने पहले हुई थी। 20 अगस्त को पति निगम ने पुलिस में रीना की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने दावा किया कि रीना घर से भाग गई है। पुलिस ने अगले दिन मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत के अनुसार, जांच में पता चला कि रीना की हत्या उसके ससुराल वालों ने की है। पूछताछ में पति निगम ने बताया कि 20 अगस्त की रात वह शराब और चिकन लेकर घर आया था। रीना के चिकन खाने से मना करने पर दोनों में झगड़ा हुआ। निगम का दावा है कि रात करीब 1:30 बजे रीना ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। निगम ने स्वीकार किया कि रीना की मौत के बाद उसने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर शव को चादर में बांधा। उसमें मिट्टी भरकर गंगा में फेंक दिया।
दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
पुलिस ने पति निगम, जेठ महकार सिंह, देवर विजेंद्र, ससुर सुरेश और सास कुंता के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। बुधवार को पुलिस ने पति निगम, जेठ महकार और देवर विजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शव बरामद कराने की मांग की
सास-ससुर अभी फरार हैं। मृतका के भाई होराम सिंह ने पुलिस से बहन का शव बरामद कराने की मांग की है। भाई ने बताया कि बहन के ससुराल वाले अकसर दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे। दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर ससुराल वालों ने मेरी बहन को मार कर गंगा में फेंक दिया।



