मथुरा
महापंचायत में की अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की घोषणा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। पानीगांव में भारतीय किसान यूनियन भानु द्वारा किसानों की मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। पशु पैंठ में महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की घोषणा की गई। शाम चार बजे मांट नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह पहुंचे, जिन्हें किसानों ने समस्याओं से अवगत कराया। किसानों ने कहा कि रविवार को दोपहर 12 बजे सभी पदाधिकारियों की एक बैठक होगी, जिसमें शासन प्रशासन के खिलाफ रणनीति बनाई जाएगी। भाकियू भानु के राष्ट्रीय प्रवक्ता हरेश ठैनुआ ने कहा कि एक सप्ताह पूर्व एसडीएम मांट एवं जिलाधिकारी को समस्याओं से अवगत कराया गया था, उसके बाद कोई सकारात्मक परिणाम नहीं आया। उन्होंने बताया कि पानीगांव क्षेत्र को सरकार द्वारा यमुना औद्योगिक क्षेत्र में शामिल किया गया है। यमुना प्राधिकरण द्वारा आए दिन क्षेत्र में तोड़फोड़ की जाती है जिससे किसान परेशान रहते हैं, इसलिए क्षेत्र को यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि मंडी समिति में किसानों के अनाज के लिए टिनशेड बनाए गए हैं, लेकिन मंडी के सचिव की मिलीभगत से किसानों का अनाज खुले स्थानों में रखा जाता है। संचालन कर रहे जिलाध्यक्ष देवेंद्र पहलवान ने कहा कि जिले में डीएपी खाद की किल्लत बढ़ती जा रही है। जिला उपाध्यक्ष श्रीओम चौधरी ने भी विचार रखे। राष्ट्रीय महासचिव रमेश सिकरवार, रीतराम, ओमप्रकाश चौधरी, जगदीश रावत, डाॅ. रामगोपाल, कारे प्रधान, अजयपाल सिंह, लक्ष्मीनारायण, गिर्राज सिंह, महेंद्र राजपूत, विजय सिंघल,आदि किसान मौजूद रहे।



