“रिक्रूट आरक्षियों को फोरेंसिक विज्ञान की बारीकियां सिखाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। पुलिस लाइन में आयोजित एक विशेष व्याख्यान में रिक्रूट आरक्षियों को फोरेंसिक विज्ञान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। एसएसपी डॉ0 विपिन ताड़ा के आदेश पर पुलिस लाइन मेरठ स्थित बहुउद्देशीय हाल में एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी आरटीसी तथा उपनिरीक्षक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सुश्री सौम्या अस्थाना, क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी, द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों को फोरेंसिक विज्ञान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने अपने संबोधन में फोरेंसिक तकनीकों की भूमिका, अपराध जांच में वैज्ञानिक साक्ष्यों की महत्ता, और आधुनिक पुलिसिंग में फोरेंसिक सहयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला एवं उदाहरणों के माध्यम से प्रशिक्षुओं को यह समझाया कि किस प्रकार घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन, डीएनए विश्लेषण, फिंगरप्रिंट पहचान, और डिजिटल फोरेंसिक जैसे उपकरण अपराधियों को न्याय के कटघरे तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से अपराध जांच की प्रक्रिया से परिचित कराना था, जिससे वे भविष्य में अपने कर्तव्यों का निर्वहन अधिक दक्षता और संवेदनशीलता के साथ कर सकें।


