अमरोहा
ऑनलाइन गेम में हारा युवक
दोस्त का कर्ज चुकाने के लिए रची लूट की कहानी, मोबाइल पानी में फेंका; पुलिस हिरासत में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने ऑनलाइन गेम एवीएटर में पैसे हारने के बाद खुद के साथ लूट की झूठी कहानी रच डाली। आरोपी भरत ने दोस्त का कर्ज चुकाने के लिए यह कदम उठाया।भरत ने 18 सितंबर को पुलिस को सूचना दी कि अज्ञात लोगों ने उससे मोबाइल फोन और 43,000 रुपये लूट लिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में भरत ने सच्चाई बताई।
उसने बताया कि वह 18 सितंबर को अपनी मां को बुलंदशहर छोड़ने गया था। वहां उसने मामा नितिन से 43,000 रुपये लिए। यह पैसे उसे दयावली खालसा के एक युवक को देने थे। रास्ते में उसने लूट की झूठी कहानी बनाने की योजना बनाई।भरत हसनपुर के एक जन सेवा केंद्र पहुंचा। वहां उसने दो बार में 40,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराए। सीसीटीवी फुटेज में 30,000 और 10,000 रुपये के ट्रांसफर की पुष्टि हुई। सबूत मिटाने के लिए उसने अपना मोबाइल पानी में फेंक दिया।क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत ने बताया कि आरोपी ने ऑनलाइन गेम में हारे पैसों की वजह से यह झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



