ललितपुर
अस्पताल में मरीजों पर हावी हो रहीं अव्यवस्थाएं
अल्ट्रासाउण्ड कराने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप

पैथोलॉजी से गलत रिपोर्ट मरीजों को थमाये जाने का भी आरोप
सपा युवजन सभा ने जिलाधिकारी को भेजा ज्ञापन, उठायी कार्यवाही की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जिला अस्पताल भले ही स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडीकल कॉलेज) में परिवर्तित हो गया है, लेकिन अव्यवस्थाएं आज भी हावी हैं। अव्यवस्थाओं को दूर कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराये जाने के उद्देश्य से बुधवार को समाजवादी पार्टी के युवजन सभा ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा है। ज्ञापन में युवजन सभा ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जिला अस्पताल में मरीजों को वर्तमान समय में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि अस्पताल में स्थापित डेंटल विभाग की मशीनें खराब पड़ी हुयी हैं, जिससे दंत रोगियों का उपचार नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा मूलभूत सुविधाओं में आने वाली स्ट्रेक्चर भी मरीजों को सहजता से उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए भारी परेशानियां हो रहीं हैं। वहीं दूसरी ओर गंभीर आरोप लगाते हुये बताया कि अस्पताल में सुदूर ग्रामीण अंचलों से आने वाले गरीब मरीजों को अल्ट्रासाउण्ड कराने के लिए अवैध तरीके से सुविधा शुल्क देना पड़ रहा है, जो कि अत्यन्त निन्दनीय है। अवैध सुविधा शुल्क देकर अल्ट्रासाउण्ड करा रहे गरीब मरीजों को आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। वहीं अस्पताल में कर्मचारियों द्वारा आमजनता और मरीजों से दुव्र्यवहार किया जाता है। तो वहीं पैथोलॉजी में कई बार गलत रिपोर्ट मरीजों को थमा दिये जाने से उनका उपचार ठीक तरीके से नहीं हो पा रहा है और डिजिटल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध नहीं करायी जा रही है, जिससे मरीजों को बाहर निजी केन्द्र पर निर्भर होना पड़ रहा है। युवजन सभा ने जिलाधिकारी से तमाम अव्यवस्थाओं के चलते जिला अस्पताल की छवि धूमिल होने का आरोप लगाते हुये मरीजों के टूट रहे भरोसे को ठीक किये जाने की मांग उठायी है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग उठायी है कि इन सभी अव्यवस्थाओं को दूर किये जाने और प्रकरण की जांच करायी जाकर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही किये जाने की आवश्यकता है। ज्ञापन देते समय जिलाध्यक्ष सहरोज खान, आमिर खान, ओमप्रकाश कुशवाहा, नीरज राजपूत, शाहरूख, देवेन्द्र सिंह, अरबाज खां, रोहन, बारिश, विक्की रजक, विजय प्रजापति, असलम, राजवीर, सलमान खान, राहुल आदि मौजूद रहे।



