
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी जायस। स्थानीय थाना क्षेत्र के नौगजी चौराहे के पास बीती रात एक खौफनाक वारदात ने सभी को दहला दिया। मामूली विवाद के बाद छोटे भाई ने गुस्से में आकर अपने ही बड़े भाई और उसकी पत्नी पर सोते समय पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक आग की लपटों से घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों और पड़ोसियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और गंभीर रूप से झुलसे दंपति को तुरंत एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही जायस पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपी छोटे भाई को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से परिवार ही नहीं बल्कि पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि भाई-भाई के बीच लंबे समय से छोटे-मोटे विवाद चल रहे थे, लेकिन किसी ने भी नहीं सोचा था कि बात इतनी बढ़ जाएगी। फुरसतगंज सीएचसी में दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों को गंभीर जलन है, और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च केंद्र रेफर किया जा सकता है।



